सही समय पर टीकाकरण शिशु एवं गर्भवती महिलाओं की सेहत के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। इंदौर प्रशासन को इस बात का भली-भांति ध्यान है कि, कोरोना वायरस की रोकथाम के साथ-साथ शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य पर भी ध्यान ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर श्री मनीष सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण कार्य को अभियान के रूप में प्रारंभ कर दिया है। द्वितीय दिवस 200 गर्भवती महिलाओं एवं 521 बच्चों का सफल टीकाकरण हुआ। गत दिवस एवं आज 22 मई के आंकड़े मिलाकर कुल 321 गर्भवती महिलाओं एवं 933 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि, टीकाकरण कार्यक्रम के लिए 15 स्कूलों को चुना गया है, जहां एएनएम के माध्यम से प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। 0731 2567333 नंबर पर कॉल कर व्यक्ति अपने निकटतम टीकाकरण केंद्र की जानकारी ले सकता है। इन टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु समस्त दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है। एएनएम को प्रत्येक बार साबुन से हाथ धोने, नगर निगम के जोनल अधिकारी को प्रति दिवस केंद्रों को सैनिटाइज कराने तथा केंद्र पर आ रहे अभिभावक गणों को मास्क पहनने तथा हाथ सैनिटाइज करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।