सिटी बस बंद होने से बस की छत पर बैठकर स्कूल जाने को मजबूर 60 से ज्यादा मासूम

इंदौर के देवगुराड़िया और कंपेल इलाके में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। पिछले करीब एक साल से इस रूट पर चलने वाली अटल सिटी बस सेवा बंद पड़ी है, जिसके चलते रोजाना 60 से अधिक बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है।

निजी बसों में अंदर जगह न होने के कारण छात्र बारिश के मौसम में भी बस की छत पर बैठकर सफर करने को मजबूर हैं। बसें इतनी ओवरलोडेड होती हैं कि अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती।

इस विकट समस्या से परेशान होकर छात्रों ने जनसुनवाई का दरवाजा खटखटाया और कलेक्टर शिवम वर्मा से सीधे मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई। बच्चों की बात सुनने के बाद कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आगामी तीन दिनों के भीतर इस रूट पर दोबारा बस सेवा बहाल करने के सख्त आदेश जारी किए हैं।