इंदौर में विद्यार्थियों ने जाना पत्रकारिता में करियर और चुनौतियां

सेज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने बुधवार को इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें नईदुनिया के राज्य संपादक सद्गुरु शरण अवस्थी मुख्य अतिथि थे। उन्होंने ‘पत्रकारिता में करियर और चुनौतियां” विषय पर विद्यार्थियों से चर्चा की। भाषा ज्ञान, समय की उपयोगिता, पत्रकारों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तार से बात की।

पत्रकारिता का समाज में है विशेष योगदान

पत्रकारिता विभाग की प्रमुख डा. जमना मिश्रा ने कहा कि समाज में पत्रकारिता का विशेष योगदान है। पत्रकार अपने ज्ञान और कौशल से देश के विकास का प्रतिनिधित्व करता है। विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के अनुसार विद्यार्थियों के सर्वगुण विकास पर ध्यान देता है। इस तरह के कार्यक्रम से पत्रकारिता के विद्यार्थियों को अनुभवी विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, पत्रकारिता विभाग के डीन डा. मयंक सक्सेना, प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद थे।

1400 विद्यालयों में होगा राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे

शुक्रवार को पूरे देश के साथ इंदौर संभाग में भी राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे होगा। यह सर्वे कक्षा तीन, पांच, आठ एवं दस के विद्याथियों के लिए होगा। इस सर्वेक्षण के लिए एक हजार 400 विद्यालयों का चयन किया गया है। संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा ने इस सर्वे के लिए जिलावार नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। उन्होंने पत्र लिखकर संभाग के जिलों के कलेक्टरों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार इंदौर जिले में 205 शालाओं में यह सर्वे कराया जाएगा। इसी तरह आलीराजपुर जिले में 157, बड़वानी में 193, बुरहानपुर में 133, धार में 190, खरगोन में 187, खंडवा में 166 तथा झाबुआ जिले में 169 शालाओं में यह सर्वे होगा।
संभागायुक्त डा. शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि यह सर्वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए कराया जाए। वरिष्ठ अधिकारियों को जिले में प्रेक्षक एवं मैदानी जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। यह अधिकारी सर्वे वाले दिन आवंटित विद्यालय में उपस्थित रहकर निष्पक्ष रूप से सर्वे का अवलोकन करेंगे। सर्वेक्षण वाले दिन सभी चयनित शालाओं में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रहे, इसका ध्यान रखने के लिए कहा गया है। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि चयनित शालाएं सुबह 7.30 बजे खुल जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *